मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन को दिखाई हरी झंडी
“क्यालू—हिम तेंदुआ” शुभंकर का अनावरण, 31 मई से 2 जून तक नीति घाटी में होगा महाआयोजन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतीकात्मक दौड़ में भी सहभागिता की तथा आगामी 31 मई को नीति घाटी में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक आयोजन के शुभंकर “क्यालू—हिम तेंदुआ” का अनावरण किया।
काउंटडाउन रन में देहरादून के 300 से अधिक धावकों ने भाग लिया। इसमें आईटी प्रोफेशनल्स, कॉलेज एवं स्कूल के छात्र-छात्राएं, अनुभवी मैराथन धावक और वरिष्ठ नागरिक शामिल रहे। मुख्यमंत्री आवास से शुरू हुई यह दौड़ घड़ी टॉवर होते हुए उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद कार्यालय तक लगभग 10 किलोमीटर की दूरी में संपन्न हुई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जागृत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा है, जो इस आयोजन में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि नीति घाटी जैसे दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में दौड़ आयोजित करना उत्तराखण्ड की साहसिक पहचान को मजबूत करेगा। साथ ही यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, स्थानीय रोजगार, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों तथा युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि प्रथम गांव हैं’ के विजन को यह आयोजन साकार कर रहा है।
चमोली जनपद की नीति घाटी में 31 मई से 2 जून 2026 तक आयोजित होने वाले इस अल्ट्रा रन में देश के 27 राज्यों और दो देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। लगभग 4,384 मीटर की ऊंचाई पर आयोजित होने वाला यह आयोजन उत्तराखण्ड के इतिहास में अपनी तरह का पहला आयोजन माना जा रहा है।
आयोजन में 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन, 42 किलोमीटर मैराथन, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर शॉर्ट रन, 5 किलोमीटर फन रन तथा 30 किलोमीटर माउंटेन बाइक (MTB) रेस का आयोजन किया जाएगा।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन उत्तराखण्ड के लिए केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में विकास और पर्यटन को नई दिशा देने वाला अभियान है। वहीं सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल ने बताया कि आयोजन की घोषणा के बाद नीति घाटी में होमस्टे क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का काउंटडाउन रन आगामी नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का शंखनाद है, जिसकी बुनियाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के विजन और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के उसे धरातल पर उतारने के संकल्प पर आधारित है।