July 19, 2026

विकासनगर हादसा: कालसी के पास खाई में गिरा वाहन, तीन महिलाओं की मौत

देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की जान चली गई। कालसी तहसील अंतर्गत बैराटखाल–गंगरू मोटर मार्ग पर एक यूटिलिटी वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार गंगरू राजस्व क्षेत्र के वायाधर स्थान के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 50 मीटर नीचे खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

हादसे में गंगरू निवासी 65 वर्षीय लूसो देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुस्याऊं निवासी 35 वर्षीय गीता देवी ने उपचार के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया। चित्तर गांव की 53 वर्षीय धनाऊ देवी की भी उच्च चिकित्सालय रेफर किए जाने के दौरान मौत हो गई।

इस दुर्घटना में घायल हुए पांच अन्य लोगों का विकासनगर उप जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड में शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करने की मांग, यूपी मॉडल का हवाला

वाहन चालक रमेश ने बताया कि यूटिलिटी वाहन का पिछला टायर निकल जाने के कारण यह हादसा हुआ। उपजिलाधिकारी प्रेम लाल ने तीन लोगों की मौत और पांच के घायल होने की पुष्टि की है। प्रशासन की ओर से मौके पर राहत और बचाव कार्य समय पर पूरा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *