July 19, 2026

घर की ओर बढ़ रही जंगल की आग बुझाने गई महिला की दर्दनाक मौत, बिरही में फायर वाचर भी हादसे का शिकार

टिहरी/चमोली। उत्तराखंड में जंगल की आग लगातार जानलेवा साबित हो रही है। टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर विकासखंड में घर की ओर बढ़ रही वनाग्नि को रोकने गई एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चमोली जिले के बिरही क्षेत्र में जंगल की आग बुझाने गए एक फायर वाचर की खाई में गिरने से जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, कीर्तिनगर विकासखंड के ग्राम पंचायत पैंडुला निवासी अंजू देवी (50 वर्ष) जंगल में लगी आग को घर की ओर बढ़ता देख उसे रोकने के लिए घर से करीब 150 मीटर दूर जंगल की तरफ गई थीं। आग बुझाने के दौरान वह गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान सुनय कुकसाल ने बताया कि महिला देर शाम तक घर नहीं लौटी, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद महिला जंगल क्षेत्र में झुलसी हुई अवस्था में मिली। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

उधर, बिरही क्षेत्र में बदरीनाथ हाईवे के समीप चीड़ के जंगल में लगी आग को बुझाने गए एक फायर वाचर की खाई में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आग पर काबू पाने के प्रयास के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलने पर प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

प्रदेश में लगातार बढ़ रही जंगल की आग की घटनाओं ने एक बार फिर वनाग्नि प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रभावित क्षेत्रों में आग नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *