September 23, 2026

एम्स ऋषिकेश और बीएमजे मिलकर करेंगे ‘जर्नल ऑफ मेडिकल एविडेंस’ का प्रकाशन

ऋषिकेश – अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में गुरुवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान जर्नल ऑफ मेडिकल एविडेंस (JME) के प्रकाशन हेतु ब्रिटिश मेडिकल जर्नल (बीएमजे) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एम्स ऋषिकेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण है, क्योंकि अब संस्थान का आधिकारिक जर्नल ऑफ मेडिकल एविडेंस बीएमजे द्वारा प्रकाशित किया जाएगा।

एमओयू पर संस्थान की ओर से कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह और बीएमजे की ओर से प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि यह ऐतिहासिक समझौता अगले पांच वर्षों के लिए किया गया है, जिससे एम्स का शोध वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि जेएमई पहले से ही डायरेक्टरी ऑफ ओपन एक्सेस जर्नल्स (DOAJ) में सूचीबद्ध है और अब बीएमजे के साथ साझेदारी से इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान और विश्वसनीयता दोनों प्राप्त होंगी।

जेएमई के प्रधान संपादक प्रोफेसर समीरन नंदी ने कहा कि बीएमजे के साथ यह सहयोग संस्थान की एक प्रतिष्ठित उपलब्धि है, जो पत्रिका की वैश्विक दृश्यता और विद्वत्तापूर्ण प्रभाव को और बढ़ाएगा। प्रबंध संपादक डॉ. अजीत भदौरिया ने कहा कि यह समझौता एम्स ऋषिकेश की साक्ष्य-आधारित चिकित्सा और शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।

ब्रिटिश मेडिकल जर्नल (बीएमजे) विश्व के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित चिकित्सा जर्नलों में से एक है, जिसे ब्रिटिश मेडिकल एसोसिएशन (बीएमए) की पूर्ण स्वामित्व वाली बीएमजे पब्लिशिंग ग्रुप द्वारा प्रकाशित किया जाता है। यह विभिन्न चिकित्सा विषयों पर साक्ष्य-आधारित शोध, नैदानिक समीक्षाएँ, चिकित्सा प्रगति और विशेषज्ञ संपादकीय लेख प्रकाशित करता है।

इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड स्थापना दिवस: ‘निनाद’ पर्व में झलकेगी हिमालयी कला और संस्कृति की अनोखी छटा

कार्यक्रम में प्रो. मीनू सिंह, प्रोफेसर समीरन नंदी, डॉ. अजीत सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुस्तकालय एवं सूचना अधिकारी संदीप कुमार सिंह, वरिष्ठ निजी सचिव विनीत कुमार सिंह, डॉ. इन्द्र कुमार शेरावत, डॉ. भावना गुप्ता और बीएमजे प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *