August 15, 2026

देहरादून के सेंट जूड चौक के पास बस में लगी आग, तमिलनाडु के 40 छात्र सुरक्षित निकाले गए

देहरादून के सेंट जूड चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छात्रों को ले जा रही एक निजी बस में अचानक आग लग गई। बस में तमिलनाडु से आए लगभग 40 छात्र सवार थे। समय रहते सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह बस हरिद्वार से देहरादून स्थित फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सेंट जूड चौक के पास पहुंची, इंजन की ओर से अचानक धुआं निकलने लगा, जो देखते ही देखते बस के अंदर भर गया।

स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। मौके पर तैनात यातायात पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए छात्रों को बस से बाहर निकालना शुरू किया। दरवाजों और खिड़कियों की मदद से सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

कुछ ही देर में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। धुएं के कारण कुछ छात्रों को असहजता महसूस हुई, जिन्हें एहतियात के तौर पर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। सभी की स्थिति सामान्य बताई गई है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

इसे भी पढ़ें – खेल महाकुंभ का नाम बदला, 23 दिसंबर से नए प्रारूप में शुरू होगी मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी

यातायात पुलिस अधीक्षक लोकजीत सिंह ने बताया कि सबसे पहले छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *