July 19, 2026

लालपुल बस हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, डीएम ने एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट

देहरादून: सहारनपुर रोड स्थित लालपुल के पास 23 जून को हुए सिटी बस हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने उप जिलाधिकारी (सदर) को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

यह हादसा 23 जून को सुबह करीब 11 बजे हुआ था, जब सिटी बस संख्या यूके 07 पीए 0287 दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। दुर्घटना में पटेलनगर के राजीव नगर निवासी 22 वर्षीय आहद समेत दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य यात्री घायल हुए थे।

जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच में हादसे के कारण, बस में चालक समेत सवार यात्रियों की संख्या, मृतकों और घायलों का पूरा विवरण, घायलों की चिकित्सकीय स्थिति और मृतकों के उत्तराधिकारियों की जानकारी शामिल की जाएगी।

इसके अलावा परिवहन विभाग की तकनीकी जांच रिपोर्ट, वाहन कर की स्थिति और मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के पालन की भी जांच की जाएगी। प्रशासन ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल करने को कहा है।

जिला प्रशासन के अनुसार जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी के पास इस हादसे से जुड़ी कोई लिखित, मौखिक या अन्य महत्वपूर्ण जानकारी हो तो वह एक सप्ताह के भीतर उप जिलाधिकारी (सदर) कार्यालय में उपलब्ध करा सकता है।

लगातार बढ़ते सड़क हादसों के बीच इस मामले की मजिस्ट्रियल जांच को अहम माना जा रहा है। इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और सड़क सुरक्षा मानकों को लेकर कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *