May 28, 2026

ऋषिकेश-डोईवाला में भारी बारिश के कहर से बच्ची और साधु की मौत

देहरादून। उत्तराखंड में बारिश अपना कहर बरपा रही है। ऋषिकेश डोईवाला में भारी बारिश से एक नाले में पानी का सैलाब दीवार तोड़कर घर में घुस गया, जिससे घर में हड़कंप मच गया। इस दौरान घर में सो रही एक बच्ची की पानी में डूबने मौत हो गई। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। उधर, ऋषिकेश में एक दीवार गिरने से दो साधु मलबे में दब गए, जिनमें से एक की मौत हो गई।

डोईवाला माजरी ग्रांट रेशम माजरी वार्ड नंबर 10 हाईवे पर आनंद कोली का मकान है। देर रात भारी बारिश के बाद उनके घर के पास में खेत और नाले में पानी भर आया। अधिक बारिश से भारी पानी सैलाब बनकर उनके घर की ओर पहुंच गया। घर की दीवार तोड़कर पानी अंदर घुस गया। इस दौरान आनंद घर में प्रेस कर रहे थे और उनकी दो बेटियां आकांक्षा (12) और दृष्टि (8) सो रहे थी। घर में उनकी मां विधाता देवी भी मौजूद थी। पानी का सैलाब जैसे ही अंदर घुसा, घर के कमरे डूब गए। आनंद ने किसी तरह दृष्टि को तो बचा लिया लेकिन पानी में आकांक्षा का कहीं पता नहीं चला। कुछ देर बाद जब वह मिली तो बेहोश हो चुकी थी। मौके पर परिजन तत्काल उसे हिमालय अस्पताल लेकर गए। जहां आंकाक्षा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला चौरासी कुटिया के पास गुरुवार सुबह एक दीवार गिर गई। मलबे में दो साधु दब गए। आनन-फानन आसपास के लोगों ने एक साधु को निकाल लिया, जबकि दूसरी की तलाश की जा रही थी। कुछ देर बाद एसडीआरएफ ने दूसरे साधु का शव बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण झूला चौरासी कुटिया के पास गुरुवार की सुबह साढ़े छह बजे एक दीवार गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में दो साधु आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।इनमें से एक साधु को तो बचा लिया गया, लेकिन दूसरे साधु की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *