फर्जी जाति प्रमाणपत्र पर नौकरी, शिक्षिका पर मुकदमा दर्ज
देहरादून, संवाददाता
डोईवाला क्षेत्र में फर्जी जाति प्रमाणपत्र के आधार पर सरकारी नौकरी पाने का मामला सामने आया है। उप शिक्षा अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने सहायक अध्यापिका सीमा देवी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामला डोईवाला क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय जौलीग्रांट प्रथम से जुड़ा है, जहां सीमा देवी सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षिका पर अनुसूचित जाति का फर्जी प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर आरक्षित श्रेणी का लाभ लेकर नियुक्ति प्राप्त करने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कराई, जिसमें संबंधित अभिलेखों से प्रमाणपत्र का सत्यापन किया गया। जांच में प्रस्तुत दस्तावेज कूटरचित पाए गए।
🔴 हाइलाइट्स:
- फर्जी जाति प्रमाणपत्र पर नौकरी पाने का मामला उजागर
- उप शिक्षा अधिकारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
- शिक्षिका सीमा देवी की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त
- राजकीय प्राथमिक विद्यालय जौलीग्रांट प्रथम में थी तैनाती
- आरक्षित श्रेणी का गलत लाभ लेने का आरोप
मामले की पुष्टि होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) स्तर से कड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षिका की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं।
वहीं, उप शिक्षा अधिकारी डोईवाला की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
