August 1, 2026

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले पूर्व पालिकाध्यक्ष अतोल रावत, यमुनोत्री–गंगोत्री धाम आगमन का किया आग्रह

देहरादून। प्रदेश भाजपा कार्यालय, देहरादून में नगर पालिका बड़कोट के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा नेता अतोल सिंह रावत ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखण्ड आगमन पर उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।

शिष्टाचार भेंट के दौरान अतोल रावत ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को यमुनोत्री धाम एवं गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत एवं आध्यात्मिक पहचान का भी प्रमुख केंद्र है। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखण्ड के प्रति अपनी आत्मीयता व्यक्त करते हुए निकट भविष्य में यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम आगमन का सकारात्मक आश्वासन दिया।

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में पूर्व पालिकाध्यक्ष अतोल रावत की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि अपने नगर पालिका अध्यक्ष कार्यकाल के दौरान उन्होंने बड़कोट नगर में कई विकास कार्यों को गति दी। मुख्य बाजार क्षेत्र में कच्चे लकड़ी के खोखों एवं अव्यवस्थित व्यवस्था की जगह सुव्यवस्थित दुकानों के निर्माण तथा स्वच्छता व्यवस्था में सुधार को स्थानीय स्तर पर सराहा गया।

इसके अतिरिक्त स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत करने तथा नगर की व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में भी कई कार्य किए गए। स्थानीय लोगों का मानना है कि उनके कार्यकाल में बड़कोट नगर की तस्वीर बदलने का कार्य हुआ, जिसका लाभ आज भी नगरवासियों को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *