August 1, 2026

पौड़ी की सभी विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी आरपीआई: सेठपाल

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने तेज की तैयारियां, कार्यकर्ताओं संग रणनीति बैठक

देहरादून/पौड़ी। आगामी उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) ने भी प्रदेश में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाते हुए पौड़ी गढ़वाल जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सेठपाल ने कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह घोषणा करते हुए कहा कि आरपीआई आगामी चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

पौड़ी गढ़वाल में आयोजित बैठक के दौरान पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव में संगठन को मजबूत करने के लिए क्षेत्रवार जिम्मेदारियां तय करने पर भी मंथन किया।

आरपीआई के प्रदेश अध्यक्ष सेठपाल ने कहा कि पौड़ी जनपद की सभी छह विधानसभा सीटों पर पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रदेश की जनता मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सत्ता में रही पार्टियां अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी हैं। ऐसे में आरपीआई एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में जनता के बीच जाएगी और विकास, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा पलायन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी केवल चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांव-गांव जाकर आमजन की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संघर्ष भी करेगी। सेठपाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।

बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष पौड़ी सोनू कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष शेखर नेगी, कालीचरण , मोहन रावत, प्रदीप, मुकेश और अरविन्द सही कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *