July 23, 2026

नदी किनारे पिकनिक स्थलों पर पुलिस की सख्ती, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

मानसून के दौरान नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका को देखते हुए देहरादून पुलिस ने जिले के नदी किनारे स्थित पिकनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी है। सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त करने, कड़ी निगरानी रखने और लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को नदी में उतरने या किनारों के पास जाने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चेतावनी के बावजूद सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मानसून के दौरान मालदेवता, गुच्छूपानी, सहस्त्रधारा, नयागांव और संताला देवी जैसे पिकनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि देहरादून में मौसम सामान्य दिखाई देने के बावजूद ऊपरी क्षेत्रों में हुई बारिश से कुछ ही मिनटों में नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।

हाल ही में संताला देवी क्षेत्र में टौंस नदी के बीच बने टापू पर जलस्तर बढ़ने के कारण सात लोग फंस गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला था। इस घटना के बाद पुलिस ने नदी किनारे के क्षेत्रों में निगरानी और सख्त करने का निर्णय लिया है।

नगर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने लोगों से मानसून के दौरान नदी किनारे पिकनिक मनाने से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली बारिश के कारण नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, जिससे नदी के बीच बने टापुओं पर जाना जानलेवा साबित हो सकता है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील पिकनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त बढ़ाने और मानसून के दौरान संभावित खतरों के प्रति लोगों को लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने बताया कि पिछले वर्ष 16 सितंबर को नयागांव क्षेत्र में नदी में उतरने के दौरान कई लोगों की मौत हुई थी। वहीं, मालदेवता क्षेत्र में भी हर मानसून के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से पर्यटक और स्थानीय लोग अक्सर फंस जाते हैं, जिन्हें एसडीआरएफ और पुलिस की मदद से सुरक्षित निकाला जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *