July 9, 2026

दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे के.सी. वेणुगोपाल, जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ की बैठक

देहरादून: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को देहरादून पहुंचे। उनके आगमन पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान वे उत्तराखंड में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

अपने दौरे के पहले दिन के.सी. वेणुगोपाल ने जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक की। इसके अलावा वह जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों से भी संवाद कर पार्टी के जमीनी संगठन की स्थिति का आकलन करेंगे और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

बैठक में आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक रणनीति, चुनावी रोडमैप और पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही राहुल गांधी के नेतृत्व में पेपर लीक मुद्दे को लेकर चलाए जा रहे ‘स्टूडेंट्स वॉयस’ अभियान की प्रगति पर भी चर्चा होगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि के.सी. वेणुगोपाल राज्य के नेताओं के साथ संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंथन करेंगे और आगामी चुनावों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरे से प्रदेशभर के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।

इसे भी पढ़ें – देहरादून में 10 जुलाई को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, भारी बारिश के रेड अलर्ट के बीच डीएम का आदेश

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस का यह दौरा संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठकों में लिए गए निर्णय आगामी चुनावी रणनीति और पार्टी की जमीनी सक्रियता को प्रभावित कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *