August 8, 2026

ऋषिकेश में महिला को बचाने गंगा में कूदा मध्य प्रदेश का पर्यटक लापता, एसडीआरएफ का खोज अभियान जारी

ऋषिकेश – लक्ष्मण झूला क्षेत्र के फूल चट्टी घाट के पास सोमवार को गंगा में नहाने के दौरान एक महिला तेज बहाव में बहने लगी। उसे बचाने के लिए गंगा में कूदे मध्य प्रदेश के एक पर्यटक के लापता होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार परिवार के सदस्य हेंवल नदी और गंगा के संगम क्षेत्र में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान 33 वर्षीय रेनू गुर्जर अचानक गंगा के तेज बहाव की चपेट में आ गईं और बहने लगीं।

महिला को संकट में देख 30 वर्षीय शैलेंद्र महावी, निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश, तुरंत उसे बचाने के लिए नदी में कूद गए। प्रयास के दौरान महिला किसी तरह सुरक्षित किनारे तक पहुंच गई, लेकिन शैलेंद्र स्वयं गंगा के तेज बहाव में बह गए और लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में विशेष बचाव उपकरणों की मदद से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

अधिकारियों के अनुसार गंगा के तेज बहाव के कारण तलाश अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। समाचार लिखे जाने तक लापता पर्यटक का कोई पता नहीं चल पाया था और एसडीआरएफ की टीम लगातार खोज अभियान में जुटी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *