उत्तराखंड में एस्ट्रो टूरिज्म को नई उड़ान, एस्ट्रो टूर गाइड ट्रेनिंग प्रोग्राम का समापन समारोह संपन्न
रामनगर। उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड (यूटीडीबी) द्वारा संचालित एस्ट्रो टूर गाइड ट्रेनिंग प्रोग्राम का आधिकारिक समापन समारोह स्टारस्केप्स ऑब्जर्वेट्री, ढिकुली, रामनगर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड की अपर निदेशक पूनम चंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
समारोह में लगभग 80 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक राज्य के 422 युवाओं को एस्ट्रो टूर गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जा चुका है। इस अवसर पर रामनगर, नैनीताल एवं काशीपुर के प्रशिक्षुओं ने भी सहभागिता की।
अपने संबोधन में पूनम चंद ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां इस प्रकार का एस्ट्रो टूर गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य में एस्ट्रो टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर सृजित करेगी।
कार्यक्रम का संचालन श्वेता ध्यानी ने किया, जबकि समन्वय की जिम्मेदारी हेम शर्मा ने निभाई। समारोह के अंत में स्टारस्केप्स के अकादमिक हेड अमिताभ पाण्डेय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा प्रतिभागियों ने उत्तराखंड में एस्ट्रो टूरिज्म को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
