केदारनाथ में उपद्रव: जन-सुविधाओं को नुकसान, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
📍 रुद्रप्रयाग, संवाददाता
उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ धाम में यात्रा सीजन के बीच अराजक तत्वों द्वारा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सुलभ इंटरनेशनल के सुपरवाइजर मिंटू पाठक द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली सोनप्रयाग में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
तहरीर में बताया गया है कि केदारनाथ सेक्टर, हेलीपैड और घोड़ा पड़ाव क्षेत्र में स्थापित सार्वजनिक शौचालयों में तोड़फोड़ की गई है। इसके अलावा धाम स्थित हाट बाजार, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे, पंजाब सिंध भवन के समीप तथा बेस कैंप क्षेत्र में पांच शौचालयों के दरवाजे क्षतिग्रस्त पाए गए हैं। विभिन्न स्थानों पर लगे नल और सिस्टन को भी नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि केदारनाथ यात्रा की गरिमा को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आमजन और यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा व्यवस्थाओं को बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
