July 29, 2026

देहरादून में 79 और होमस्टे के पंजीकरण रद्द, नियम उल्लंघन पर प्रशासन की कार्रवाई

देहरादून। जिला प्रशासन ने नियमों के उल्लंघन पर 79 और होमस्टे के पंजीकरण रद्द कर दिए हैं। इससे पहले 17 होमस्टे के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। नवीन कार्रवाई के बाद अब तक कुल 96 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि अप्रैल में “ऑपरेशन सफाई” शुरू किया गया था। जिन होमस्टे के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनके नाम वेबसाइट से भी हटाए जा रहे हैं ताकि लोगों में किसी प्रकार का भ्रम न रहे।

जिला प्रशासन की पांच मजिस्ट्रेट टीमों ने अब तक विभिन्न क्षेत्रों में 136 निरीक्षण किए हैं। जांच के दौरान कई होमस्टे नियमों के विपरीत होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की तरह संचालित होते पाए गए। कई स्थानों पर अग्निशमन उपकरण और खाद्य लाइसेंस नहीं मिले, जबकि कुछ इकाइयां किराये और लीज पर चलाई जा रही थीं।

प्रशासन की जांच में यह भी सामने आया कि कई होमस्टे में मालिक स्वयं नहीं रह रहे थे और तय क्षमता से अधिक कमरे संचालित किए जा रहे थे। कुछ स्थानों से अवैध बार संचालन, तेज डीजे और गैरकानूनी गतिविधियों की शिकायतें भी मिलीं।

इसके अलावा कुछ जगहों पर शराब पीकर हंगामा, तेज रफ्तार वाहन चलाने और हथियारों से फायरिंग जैसी घटनाओं की भी जानकारी सामने आई है, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायतें मिलीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *