July 28, 2026

देहरादून के लालपुल के पास सिटी बस ने छह मजदूरों को कुचला, एक की मौत, पांच गंभीर

देहरादून: पटेल नगर क्षेत्र के लालपुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां एक सिटी बस ने सड़क किनारे पैदल जा रहे छह मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार फैल गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। घायल मजदूर काफी देर तक सड़क पर ही पड़े रहे, क्योंकि शुरुआती समय में उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई वाहन तुरंत उपलब्ध नहीं हो सका।

स्थानीय लोगों ने आगे आकर घायलों की मदद की और ई-रिक्शा व अन्य साधनों से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने भी रास्ते से गुजर रहे वाहनों को रोककर घायलों को जल्द उपचार दिलाने में मदद की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक को ड्राइविंग के दौरान दौरा पड़ने की आशंका जताई जा रही है, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *