May 6, 2026

धारदार हथियार के बल पर किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन नामजद

रिपोर्टर: पूनम चौहान

चंपावत के सल्ली क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर क्षेत्र के तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य भी जुटाए हैं।

पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता के पिता ने बताया कि वह बीमार हैं और इलाज के सिलसिले में उनकी बेटी उन्हें गांव से चंपावत लाई थी। मंगलवार की शाम जब नाबालिग घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उससे संपर्क किया। फोन पर उसने बताया कि करीब ढाई बजे एक युवक उसे शादी समारोह में सल्ली ले गया है। इसके बाद देर रात तक उसके घर न पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।

तहरीर के अनुसार, देर रात करीब डेढ़ बजे नाबालिग का फोन आया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रातभर तलाश की गई। बुधवार तड़के करीब 4 बजे किशोरी एक कमरे में बंधी हुई मिली।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि सल्ली निवासी तीन युवकों ने धारदार हथियार के बल पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि घटना के बाद तीनों उसे कमरे में बंद कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने पूरन सिंह रावत, विनोद सिंह रावत और नवीन सिंह रावत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *