May 27, 2026

ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गंगा में बहा देहरादून का किशोर

ऋषिकेश। त्रिवेणी घाट पर गंगा में नहाने के दौरान देहरादून का एक किशोर लापता हो गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। एसडीआरएफ की टीम देर शाम तक किशोर की तलाश में जुटी रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

जानकारी के अनुसार, चार दोस्त घर से मंदिर जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद वे ऋषिकेश पहुंच गए। सभी युवक त्रिवेणी घाट पर गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक का चश्मा नदी में गिर गया।

चश्मा निकालने के प्रयास में आयुष थप्पा गहरे पानी की ओर चला गया। तभी गंगा के तेज बहाव में वह बह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोर कुछ दूर तक पानी में बहता दिखाई दिया और फिर नदी में डूब गया।

घाट पर तैनात बचावकर्मियों ने शोर सुनते ही नदी में छलांग लगाई। उन्होंने किशोर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने के बाद ढालवाला से एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया।

लापता किशोर की पहचान आयुष थप्पा (17) पुत्र सुनील थप्पा निवासी ओल्ड कनॉट प्लेस, चकराता रोड, देहरादून के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि गंगा का तेज बहाव राहत और बचाव कार्य में बाधा बन रहा है। यह घटना एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा और सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *