July 29, 2026

अतिवृष्टि में क्षतिग्रस्त पुल का अब तक नहीं हुआ पुनर्निर्माण, ग्रामीणों में आक्रोश

बड़कोट (उत्तरकाशी), संवाददाता:
विकास खण्ड नौगांव के अंतर्गत ग्राम सभा सरनौल और बचाण गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर बना पुल पिछले वर्ष हुई अतिवृष्टि में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। पुल पुनर्निर्माण न होने के कारण क्षेत्रीय ग्रामीणों और छात्रों को अब भी भारी जोखिम उठाकर आवाजाही करनी पड़ रही है।

जानकारी के अनुसार, मैडा तोक क्षेत्र में स्थित यह पुल जुलाई माह में हुई भारी वर्षा के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद पूरे वर्षात काल में ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

ग्राम प्रधान उपेन्द्र सिंह ने बताया कि पुल निर्माण के लिए स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था। जिस पर कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण भी किया गया। इसके साथ ही ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा पुल निर्माण का आगणन तैयार कर जिलाधिकारी को भेजा जा चुका है। एक वर्ष का समय बीत जाने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

ग्राम प्रधान ने बताया कि बचाण गांव के लगभग 40 छात्र-छात्राएं प्रतिदिन सरनौल इंटर कॉलेज में अध्ययन के लिए आते-जाते हैं। पुल के अभाव में उन्हें जोखिम भरे रास्तों से गुजरना पड़ता है, जिससे किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगामी वर्षात से पहले पुल का निर्माण नहीं किया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द पुल निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *