राजस्थान की राजधानी जयपुर में झाड़खंड मंदिर, जानें क्या है कहानी
1 min read
प्रदीप चौहान।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में अनेक धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल हैं। यहां के कईं मंदिरों की प्रसिद्धि दूर-दूर तक फैली है जिनमें से एक मंदिर है झाड़खंड महादेव मंदिर।
इस मंदिर का नाम है ‘झारखंड महादेव मंदिर’ पहली बार सुनने में थोड़ा अजीब लगता है। क्योंकि हर कोई सोचता है मंदिर बना है जयपुर में लेकिन उसका नाम झारखंड क्यों है। दरअसल, जयपुर स्थित वैशाली नगर के प्रेमपुरा गांव में यह मंदिर स्थित है। एक समय में यहां बड़ी संख्या में झाड़ियां ही झाड़ियां हुआ करती थी। तो झाड़ियों से झाड़ और खंड अर्थात क्षेत्र को मिलाकर इस मंदिर का नाम झाड़खंड महादेव मंदिर पड़ा।
भगवान शिव को समर्पित यह एक अनोखा मंदिर है। इस मंदिर का निर्माण दक्षिण भारतीय शैली में किया गया है। दरअसल, वर्ष 1918 तक यह मंदिर बहुत छोटा हुआ करता था। यहां शिवलिंग की सुरक्षा के लिए मात्र एक कमरानुमा शिवालय बना हुआ था। फिर आज से करीब 18 साल पहले जब इसका जीर्णोद्धार किया गया तो इसका निर्माण दक्षिण भारतीय शैली में किया गया।
हालांकि मंदिर का केवल मुख्य द्वार ही दक्षिण भारतीय मंदिरों जैसा है। अंदर गर्भगृह उत्तर भारतीय मंदिरों से ही प्रेरित है। क्योंकि गर्भगृह के निर्माण के समय शिवालय में स्वत: उग आए पेड़ को काटा नहीं गया। बल्कि पेड़ के साथ ही इसका निर्माण कर दिया गया। सावन में बड़ी संख्या में भक्त झाड़खंड महादेव मंदिर में पहुंचते हैं। सावन के प्रत्येक सोमवार को यहां शिवलिंग का अभिषेक करनेवाले श्रद्धालुओं की कतारें लगती हैं। अगर आप सावन में जयपुर जाएं तो झाड़खंड महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन करना न भूलें।