कांग्रेस प्रवक्ता ने की मध्यप्रदेश भाजपा मंत्री विजय शाह के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग

बड़कोट। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता विजयपाल रावत के नेतृत में स्थानीय पुलिस प्रशासन को मध्यप्रदेश भाजपा मंत्री विजय शाह के द्वारा खुले मंच से कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन कहने जैसे विवादित बयान के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदेश प्रवक्ता विजयपाल रावत ने कहा कि यह औपचारिक मांगनहीं है, बल्कि हमारे देश की एकता, अखंडता, और संप्रभुता को बनाए रखने के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमारा देश भारत, जो अपनी विविधता में एकता के लिए विश्व भर में जाना जाता है, आज उन चुनौतियों का सामना कर रहा है जो हमारी राष्ट्रीय एकता को कमजोर करने की कोशिश करती हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ, जो देश के खिलाफ विद्वेष फैलाने, सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने, या हमारी संप्रभुता को चुनौती देने का प्रयास करती हैं, किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकतीं। हमारा मानना है कि ऐसी गतिविधियों पर समय रहते कठोर कार्रवाई न केवल आवश्यक है, बल्कि यह हमारी भावी पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और एकजुट भारत सुनिश्चित करने का आधार भी है।
रावत ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में यह संदेश देना भी है कि देश के खिलाफ कोई भी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह देश हम सबका है, और इसे सुरक्षित रखना हमारी साझा जिम्मेदारी है। हम अपने संविधान, कानून, और देश की एकता में पूर्ण विश्वास रखते हैं, और हमें भरोसा है कि प्रशासन इस मामले में त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई करेगा।