July 19, 2026

रामनगर–देहरादून रेल सेवा को मंजूरी, यात्रियों को मिलेगा सीधा सफर

उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने रामनगर–देहरादून के बीच नई रेल सेवा को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गढ़वाल सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी को आधिकारिक रूप से जानकारी दी।

अनिल बलूनी ने जनवरी में रेल मंत्री से मुलाकात कर रामनगर और देहरादून के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग रखी थी। अब इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में बेहतर यातायात सुविधा की उम्मीद बढ़ गई है।

मंजूरी मिलने पर बलूनी ने केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि उत्तराखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य में रेल नेटवर्क का विस्तार तेजी से हो रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि काठगोदाम–देहरादून के बीच नैनी दून एक्सप्रेस, कोटद्वार–नई दिल्ली रेल सेवा और देहरादून–लखनऊ वंदे भारत जैसी सेवाएं पहले ही शुरू की जा चुकी हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल रही है।

नई रामनगर–देहरादून रेल सेवा शुरू होने से यात्रा समय कम होगा, खर्च घटेगा और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *