जनपद स्तरीय ‘कौशलम् एक्सपो 2026’ का बड़कोट में सफल आयोजन, विद्यार्थियों की नवाचार प्रतिभा ने जीता दिल
गोपाल रावत।
बड़कोट, उत्तरकाशी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), बड़कोट में सोमवार को जनपद स्तरीय ‘कौशलम् एक्सपो 2026’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कौशल विकास, नवाचार, रचनात्मकता और व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा देना रहा।
एक्सपो में जनपद उत्तरकाशी के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने अपने कौशल आधारित मॉडल, नवाचार परियोजनाएं और रचनात्मक उत्पाद प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने न केवल उनकी प्रतिभा और सृजनात्मक सोच को सामने रखा, बल्कि उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और निर्णायकों को भी प्रभावित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार उत्पादों और परियोजनाओं का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायकों की टीम ने किया। निर्णायक मंडल में डॉ. सुबोध सिंह बिष्ट, अजय पंवार एवं रिचा उनियाल शामिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों के नवाचार, उपयोगिता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डायट बड़कोट के प्राचार्य संजीव जोशी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित करने के साथ-साथ उनके व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मक क्षमता और समस्या समाधान कौशल को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ कौशल आधारित गतिविधियां विद्यार्थियों को भविष्य के लिए अधिक सक्षम बनाती हैं।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजकीय इंटर कॉलेज फोल्ड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज मुस्टिकसौड़ द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज कामदा तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के 8 उद्यमशील शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इन शिक्षकों को विद्यालय स्तर पर कौशल आधारित शिक्षा, नवाचार और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर बृजेश मिश्रा, गोपाल राणा, अरविन्द चौहान, टीकाराम रावत, संगीता रावत, सुषमा महर, शांति रतूड़ी सहित अनेक शिक्षक, शिक्षाविद् एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
